लुधियाना-(मनदीप कौर)-पंजाब की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने लुधियाना सहित गुरुग्राम, चंडीगढ़ और जालंधर में कई परिसरों पर एक साथ दबिश दी। अधिकारियों ने करीब 13 स्थानों पर जांच करते हुए दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले।
सूत्रों का कहना है कि जांच का संबंध पुराने मामलों और जमीन से जुड़े सौदों में कथित गड़बड़ियों से है। इसमें कुछ कंपनियों और व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिनका संबंध संजीव अरोड़ा से बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ईडी की टीम सुबह ही लुधियाना स्थित मंत्री के आवास पर पहुंची और वहां केंद्रीय बलों की मौजूदगी में तलाशी शुरू की गई। इसके अलावा अन्य संबंधित स्थानों पर भी जांच जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी वर्ष 2024 में ईडी ने इसी मामले को लेकर छापेमारी की थी। उस दौरान एजेंसी ने आरोप लगाया था कि कुछ परियोजनाओं के लिए औद्योगिक जमीन का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया गया, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान हुआ।
हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक मंत्री संजीव अरोड़ा या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ईडी की जांच जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

