जालंधर:-( मनदीप कौर)-66 फुटी रोड पर स्थित जालंधर हाइट्स फ्लैट में एक 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, जबकि मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतका की पहचान भविका के रूप में हुई है, जो 9वीं कक्षा की छात्रा थी और बारादरी स्थित कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ती थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बच्ची के पिता सुनील सिंघला के अनुसार, उनकी बेटी रोजाना अर्बन स्टेट फेज-2 स्थित कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल की ब्रांच में टेनिस खेलने जाती थी। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह उसे स्कूल छोड़कर आए थे। इसके कुछ समय बाद करीब साढ़े 5 बजे उन्हें सूचना मिली कि बच्ची ने जालंधर हाइट्स फ्लैट की छठी मंजिल से छलांग लगा ली है।
परिवार का कहना है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती और उन्हें शक है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। यह घटना जालंधर हाइट्स के एफ ब्लॉक में हुई बताई जा रही है।
मामले में कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब बच्ची को उसकी मां ने स्कूल में छोड़ा था तो वह जालंधर हाइट्स कैसे पहुंच गई। वहीं बच्ची का टेनिस किट बैग स्कूल के ग्राउंड से बरामद हुआ है। ऐसे में स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

