लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना में देर रात खूनी वारदात सामने आई है। थाना डिवीजन नंबर-4 के अंतर्गत जसवंत नगर की बिंद्रा कॉलोनी में कुछ बदमाशों ने दो दोस्तों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में हनी बांसल की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त पवन गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो दोनों युवक खून से लथपथ हालत में गली में पड़े मिले। लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हनी बांसल को मृत घोषित कर दिया। वहीं पवन की हालत नाजुक बनी हुई है।

हमले से पहले मिली थी जान से मारने की धमकी
इलाका निवासी राकेश कुमार के मुताबिक, हनी बांसल को वारदात से पहले दोपहर के समय धमकी मिली थी। सोशल मीडिया के कुछ ग्रुपों में भी संदेश डाले गए थे कि हनी को मारकर उसका मुंह काला कर दिया जाएगा।
पुरानी रंजिश के चलते हमले का शक
राकेश के अनुसार, हैबोवाल इलाके के कुछ लोगों के साथ हनी की पुरानी रंजिश चल रही थी। हनी और पवन दोनों काफी करीबी दोस्त थे। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस मौके पर पहुंची।
ASI सुखविंदर ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की रंजिश के पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही हमले की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

