कर्नाटक: कर्नाटक के मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा (विधान सौधा) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एक अज्ञात व्यक्ति ने एक ऑटो चालक को फोन कर धमकी दी कि मुख्यमंत्री का काफिला वहां से गुजरने पर बम विस्फोट किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ऑटो चालक भगवान्ताराय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बताया गया है कि उसे एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को मुख्यमंत्री आवास में मौजूद बताया और चालक से कहा कि वह गेट पर तैनात पुलिस अधिकारी को फोन दे।

ऑटो चालक ने फोन पुलिस अधिकारी को दे दिया। इसके बाद फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा में बम रखने की धमकी दी। उसने कहा कि मुख्यमंत्री का काफिला वहां से गुजरने पर विस्फोट किया जाएगा।
नम्मा यात्री ऐप से मिली थी बुकिंग
बताया गया है कि ऑटो चालक को दोपहर करीब 1 बजे नम्मा यात्री ऐप के जरिए बुकिंग मिली थी। शाम करीब 7:20 बजे पैलेस ग्राउंड के पास एक सवारी छोड़ने के बाद उसे कार्तिक नाम से दूसरी बुकिंग मिली। यह बुकिंग अरमाननगर की 18वीं क्रॉस स्थित बीएचईएल लेआउट के लिए थी।
बुकिंग मिलने के बाद चालक बताए गए पते पर पहुंचा और सवारी से संपर्क करने के लिए दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन किया। इसी दौरान फोन करने वाले व्यक्ति ने मुख्यमंत्री आवास में होने का दावा करते हुए धमकी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में पुलिस ने शुरुआत में नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की थी। रिपोर्ट संख्या 196/2026 दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए अदालत से अनुमति ली गई। अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अब धमकी देने वाले व्यक्ति और नम्मा यात्री ऐप के जरिए की गई बुकिंग से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है।

