चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)- पंजाब में निलंबित DIG हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े कथित रिश्वतखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। ED ने पंजाब के 7 मौजूदा और सेवानिवृत्त IAS, IPS और PCS अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन जारी किए हैं। इनमें पूर्व लुधियाना पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा का नाम भी शामिल है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 2009 बैच के IPS अधिकारी स्वप्न शर्मा को 27 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित ED कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। इससे पहले अक्टूबर में भी उनसे एक अलग मामले में पूछताछ की गई थी।

भुल्लर के करीबी से कनेक्शन की जांच
ED की जांच निलंबित DIG हरचरण सिंह भुल्लर और उनके कथित करीबी कृष्णु शारदा से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चल रही है। एजेंसी यह जांच कर रही है कि कृष्णु शारदा ने सरकारी अधिकारियों के बीच बिचौलिए की भूमिका निभाते हुए कथित तौर पर पैसों के बदले सरकारी काम करवाने में मदद की थी या नहीं।
यह मामला CBI की ओर से दर्ज दो FIR से जुड़ा है। अक्टूबर 2025 में एक कबाड़ कारोबारी की शिकायत के बाद CBI ने भुल्लर और उनके कथित सहयोगी के खिलाफ कार्रवाई की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक पुलिस केस निपटाने के बदले बिचौलिए के माध्यम से रिश्वत मांगी गई थी।
इन अधिकारियों को भी भेजे गए समन
ED ने स्वप्न शर्मा के अलावा IAS अधिकारी कुमार राहुल, PCS अधिकारी आनंद सागर शर्मा, IAS अधिकारी नीरू कात्याल गुप्ता, फाजिल्का के SSP गगन अजीत सिंह और दो सेवानिवृत्त अधिकारियों गुरप्रीत सापरा तथा अरुण सेखड़ी को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।
इन अधिकारियों को 23 से 27 नवंबर के बीच अलग-अलग तारीखों पर ED कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।
पंजाब में इस मामले को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। ED की जांच में आने वाले दिनों में और भी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

