अमृतसर -(मनदीप कौर)- जिले के भगतांवाला दाना मंडी में ड्यूटी के दौरान एक पुलिसकर्मी की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पंजाब के DGP गौरव यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच के अनुसार पुलिसकर्मी का पीछा एक दोपहिया वाहन से किया गया था। इसके बाद बेहद नजदीक से गोली मारे जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल से .30 बोर का एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिसकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

यह भी पढ़े:-फरीदकोट में बड़ी कार्रवाई, बाबा फरीद पर्व से पहले 2 ग्रेनेड बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार
DGP गौरव यादव के अनुसार, गोली पुलिसकर्मी की पीठ के पिछले हिस्से में गर्दन के पास लगी थी। हालांकि, मृत्यु के सटीक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, अब तक सामने आए तथ्यों के मुताबिक रात करीब 12:30 बजे मृतक पुलिसकर्मी ने गेट हकीमा थाने से राणा मस्ताना क्षेत्र की ओर प्रवेश किया था। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
DGP गौरव यादव ने कहा कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ जांच के बाद कड़ी और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

