फरीदकोट -(मनदीप कौर)- बाबा फरीद आगमन पर्व से पहले पंजाब पुलिस की Counter Intelligence ने फरीदकोट में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से दो ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी के नेटवर्क और संभावित निशाने को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरु अर्जुन देव नगर निवासी नवजोत सिंह उर्फ नव के रूप में हुई है। वह कनाडा का PR बताया जा रहा है और करीब एक सप्ताह पहले भारत आया था।

फरीदकोट पहुंचने से पहले पकड़ा गया आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार Counter Intelligence ने आरोपी को फिरोजपुर से एक्टिवा पर फरीदकोट आते समय गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, फाजिल्का में Explosive Substances Act और UAPA के तहत मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़े:-अमृतसर में 25 वर्षीय युवक की गोलियों से हत्या, बाइक सवार दो हमलावरों ने मारी ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस के अनुसार आरोपी के कुछ संदिग्ध संपर्कों की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद विस्फोटक सामग्री कहां से आई और इसका कथित तौर पर किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया जाना था।
बाबा फरीद आगमन पर्व से पहले कार्रवाई
फरीदकोट में 19 सितंबर से शुरू होने वाले पांच दिवसीय बाबा फरीद आगमन पर्व से पहले हुई इस गिरफ्तारी को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी के नेटवर्क और संभावित निशाने को लेकर पूछताछ कर रही है।
आरोपी के पिता सूबा सिंह के अनुसार उनका बेटा 12 सितंबर को कनाडा से भारत लौटा था। परिवार के मुताबिक बुधवार शाम उसने बताया था कि उसे कुरियर लेना है और वह अपने बेटे के साथ सादिक चौक पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। परिवार ने मामले में इंसाफ की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

