अमृतसर -(मनदीप कौर)- पंजाब के अमृतसर जिले में देर रात एक 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो युवकों ने युवक को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए। गोली लगने के बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान साहिल गिल निवासी कोट खालसा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार साहिल डिलीवरी का काम करता था। उसकी करीब दो साल पहले शादी हुई थी और उसका एक साल का बच्चा भी है।

रात करीब 10:50 बजे हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार घटना देर रात करीब 10:50 बजे की बताई जा रही है। साहिल अपने घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी।
यह भी पढ़े:-अमृतसर में ड्यूटी पर ASI की गोली मारकर हत्या, TTH ने जिम्मेदारी लेने का किया दावा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने साहिल पर कई राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के दौरान एक गोली उसके सीने के पास लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल साहिल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई गई, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे बचाने की कोशिश की। इसके बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
घर से कुछ ही दूरी पर हुआ हमला
रिपोर्ट के अनुसार वारदात साहिल के घर से करीब 40 कदम की दूरी पर हुई। घटनास्थल कोट खालसा पुलिस चौकी से भी करीब 50 कदम की दूरी पर बताया गया है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
परिवार ने रंजिश से किया इनकार
साहिल के पिता मुख्तियार सिंह ने बताया कि उनका बेटा घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। करीब 10 मिनट बाद मोहल्ले के लोगों ने घर पहुंचकर परिवार को बताया कि साहिल को गोली मार दी गई है।
परिजनों के मुताबिक साहिल की किसी व्यक्ति के साथ कोई रंजिश या विवाद नहीं था। परिवार ने यह भी कहा कि उन्हें किसी तरह की दुश्मनी या विवाद के बारे में जानकारी नहीं थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद SHO समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ADCP स्तर के अधिकारी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार हमलावरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

