लुधियाना-(मनदीप कौर)- थाना डाबा के अधीन आते गायनचंद नगर में सोमवार सुबह करीब 5 बजे हथियारबंद लुटेरों ने सब्जी विक्रेताओं को घेरकर हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक करीब 6 बदमाश 2 मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा पर सवार होकर पहुंचे और सब्जी विक्रेताओं की गाड़ी को घेर लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने हथियार निकालकर लूटपाट की कोशिश की। इस दौरान विरोध करने पर उन्होंने सब्जी विक्रेताओं पर हमला कर दिया। घटना में एक सब्जी विक्रेता के अंगूठे पर गंभीर चोट आई, जबकि कई अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़े:-जालंधर से दसूहा जा रही Punjab Roadways बस में लगी आग, 27 यात्री थे सवार; मची अफरा-तफरी
घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ जुटती देख बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से भाग निकले। बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों की एक एक्टिवा वहीं छूट गई, जिसे स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद पुलिस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। इसको लेकर सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिला। लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि वारदात के पीछे लूट का मकसद था या किसी अन्य विवाद के चलते हमला किया गया।

