जालंधर -(मनदीप कौर )- पंजाब रोडवेज की बस में आग लगने की घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार जालंधर से दसूहा जा रही बस जब भोगपुर के नए बस स्टैंड पर पहुंची और यात्रियों को उतार रही थी, तभी अचानक बस में आग लग गई। उस समय बस में करीब 27 यात्री सवार थे।
घटना के दौरान यात्रियों को तत्काल बस से नीचे उतार लिया गया। आसपास मौजूद लोगों और नगर परिषद के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पानी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़े:-बिजली बिल नहीं भरा तो कट सकता है कनेक्शन! विभाग की सख्ती शुरू, कई मीटर काटे
बताया जा रहा है कि बस चालक विनोद कुमार, पुत्र चेत राम, निवासी अबोहर, पंजाब रोडवेज की बस नंबर PB08 CB 9628 को जालंधर से दसूहा लेकर जा रहे थे। भोगपुर बस स्टैंड पर बस रुकने के बाद कुछ लोगों ने उसके नीचे से धुआं निकलते देखा। इसके बाद चालक और परिचालक को सूचना दी गई और यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी में बस के इंजन से पाइप लीक होने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

