जालंधर -(मनदीप कौर)- लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ के विरोध में दलित समाज की ओर से आज जालंधर बंद की कॉल दी गई। बंद का असर शहर के अलग-अलग इलाकों में देखने को मिला, जहां कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर समर्थन दिया।
श्री गुरु रविदास चौक पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने रास्ते पर रस्सियां लगाकर आवागमन रोक दिया और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करवाया।

दुकानदारों से की गई बंद में सहयोग की अपील
बंद के दौरान जथेबंदियों के सदस्य शहर के बाजारों में पहुंचे और दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। कई दुकानदारों ने दलित समुदाय की बंद की कॉल का समर्थन करते हुए दुकानें बंद रखीं।
वहीं, कुछ बैंक खुले होने की जानकारी सामने आने के बाद प्रदर्शनकारियों ने बैंक कर्मचारियों से भी शाम 5 बजे तक समर्थन देते हुए बैंक बंद करने की अपील की। इसके बाद एक बैंक कर्मचारी द्वारा बैंक बंद किए जाने की बात भी सामने आई।
श्री गुरु रविदास चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन
श्री गुरु रविदास चौक पर बड़ी संख्या में लोगों ने धरना लगाकर विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका उद्देश्य मामले को पंजाब सरकार और केंद्र सरकार तक पहुंचाना तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करना है।
जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
बंद और प्रदर्शन को देखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
दलित समुदाय की ओर से सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जालंधर बंद रखने का ऐलान किया गया है। अस्पताल, मेडिकल स्टोर जैसी जरूरी सेवाओं को बंद से छूट दी गई है।

