जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर में एक्साइज विभाग और पुलिस की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक ऑटो से भारी मात्रा में शराब बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई जालंधर-कपूरथला रोड पर जालंधर कुंज के पास की गई, जहां टीम ने ऑटो नंबर PB08-FM-4108 को रोककर तलाशी ली।
पुलिस के मुताबिक, ऑटो चालक का कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उसे रोका गया। तलाशी के दौरान ऑटो से पंजाब किंग व्हिस्की की 12 पेटियां (144 बोतलें) और 13 पेटियां (650 निप्स) बरामद किए गए। इस तरह कुल 794 शराब की बोतलें/निप्स बरामद होने की बात सामने आई है।

यह भी पढ़े:-गुरुग्राम नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही खाली कराया गया दफ्तर
पुलिस का कहना है कि बरामद शराब की बोतलों पर ‘ट्रैक एंड ट्रेस’ होलोग्राम हटे हुए थे और कुछ शराब के पैकेटों पर पंजाब में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर ऑटो भी जब्त कर लिया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ऑटो चालक संजू पुत्र रूप लाल, निवासी गुरदेव नगर, और प्रिंस पुत्र रजनीत सिंह, निवासी बस्ती पीर दाद, जालंधर को काबू किया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया है कि यह कार्रवाई असिस्टेंट कमिश्नर (आबकारी) जालंधर रेंज-II डॉ. हरिस्मरत कौर ग्रेवाल के निर्देशों पर एक्साइज विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर गुप्त सूचना के आधार पर की।

