लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना स्थित सिविल सिटी इलाके में एक मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पिता के जन्मदिन के लिए केक लेने गई युवती का रास्ते में एक युवक से कुत्ते को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद युवक ने युवती के साथ बदसलूकी शुरू कर दी।
युवती ने तुरंत अपने पिता और भाई को फोन कर मौके पर बुलाया। आरोप है कि दोनों के पहुंचने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। इसी दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक अपने घर से बंदूक लेकर आया और कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी।

6 राउंड फायरिंग का आरोप
पीड़ित परिवार के अनुसार, मौके पर कुल 6 राउंड फायर किए गए। इनमें दो हवाई फायर करने का आरोप है, जबकि अन्य गोलियां पिता-पुत्र को निशाना बनाकर चलाई गईं।
फायरिंग में पिता और पुत्र दोनों घायल बताए जा रहे हैं। बेटे की टांग में गोली आर-पार होने की बात सामने आई है, जबकि हमले के दौरान उसकी बाजू में भी गंभीर चोट लगी, जिसके बाद 9 टांके लगाए गए। पिता की हालत भी गंभीर बताई गई है क्योंकि गोली उनके पैर में फंस गई।
पुलिस ने कहा- जांच जारी, गोली चलने की सूचना नहीं
घटना के बाद थाना हैबोवाल पुलिस मौके पर पहुंची। SHO हैबोवाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन फिलहाल उनके पास गोली चलने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है।

