यमुनानगर – ( ब्यूरो रिपोर्ट)- हरियाणा के यमुनानगर में तड़के सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉडल टाउन स्थित जिम के बाहर एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने की फायरिंग

जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय हरभजन सिंह, निवासी प्रेम नगर, रोजाना सुबह मॉडल टाउन स्थित जिम में कसरत करने जाते थे। बुधवार सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच जब वह जिम से बाहर निकले तो पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।
यह भी पढ़े:-दीनानगर में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप की चपेट में आने से युवक की मौत; चालक फरार
फायरिंग होते ही हरभजन सिंह बचने के लिए अपनी कार की तरफ भागे। इस दौरान एक गोली उनकी गाड़ी के बोनट पर भी लगी। आरोप है कि हमलावर इसके बाद कार के पास पहुंचे और हरभजन सिंह को गोली मार दी।वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
गोली लगने से हरभजन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही SP कमलदीप गोयल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े सबूत जुटाने शुरू किए हैं।
CCTV फुटेज से हमलावरों की तलाश
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हरभजन सिंह की हत्या के पीछे क्या वजह थी और इस वारदात की साजिश किसने रची। फिलहाल हत्या के कारणों को लेकर जांच जारी है।
दो बेटों के पिता थे हरभजन सिंह
परिवार के अनुसार, हरभजन सिंह के दो बेटे हैं। उनका बड़ा बेटा विदेश में रहता है, जबकि छोटा बेटा दिलबाग सिंह यमुनानगर में ही अपने पिता के साथ फाइनेंस का काम करता है। हरभजन सिंह रोजाना सुबह जिम जाने के लिए घर से निकलते थे।
सुबह के समय जिम के बाहर हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने के लिए CCTV और अन्य सुरागों की जांच कर रही है।

