जालंधर -(मनदीप कौर )- कपूरथला चौक के नजदीक स्थित Golden Tools की दुकान पर देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब एक कंपनी के प्रतिनिधि दुकान पर पहुंचे और दुकानदार पर कंपनी के नाम से कथित तौर पर कॉपी सामान बेचने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की।
कंपनी प्रतिनिधियों की ओर से मामले की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कंपनी प्रतिनिधियों और पुलिस की मौजूदगी में दुकान से कथित तौर पर कुछ सामान जब्त किया गया। इस दौरान दुकानदार और पुलिस के बीच बहस भी हुई।

दुकानदार ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, दुकान मालिक ने कंपनी की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह कोई कॉपी सामान नहीं बेच रहा था। दुकानदार का कहना है कि दुकान में मौजूद सामान के सभी बिल उसके पास हैं और बिना पूरी जांच के उस पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े:-यमुनानगर में जिम के बाहर फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार
दुकानदार ने यह भी दावा किया कि दुकान में मौजूद सामान की खरीद से संबंधित दस्तावेज उसके पास मौजूद हैं।
जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और कंपनी की ओर से की गई कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों पक्षों के दावों के बीच अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दुकान से बरामद सामान कंपनी के नाम का नकली/कॉपी माल था या दुकानदार के पास उसके वैध दस्तावेज मौजूद हैं।

