जालंधर -(मनदीप कौर)-जालंधर वेस्ट के मॉडल हाउस इलाके में बाइक चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यादव छोले-भटूरे की दुकान के बाहर से दोपहर के समय एक ग्राहक की बाइक चोरी हो गई। हैरानी की बात यह रही कि बाइक चोरी करने वाले कथित चोर मौके पर अपनी पुरानी बाइक छोड़ गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, बाइक मालिक यादव छोले-भटूरे की दुकान पर लस्सी लेने के लिए आया था। जब वह कुछ देर बाद दुकान से बाहर निकला तो उसकी बाइक अपनी जगह पर नहीं थी। आसपास तलाश करने पर भी बाइक का कोई पता नहीं चला।

यह भी पढ़े:-Canada से 4 पंजाबी युवकों को Deport किया गया
परिवार के मुताबिक करीब डेढ़ घंटे तक बाइक की कोई जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद 112 नंबर पर पुलिस को शिकायत दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिवार को आशंका है कि चोरी हुई बाइक का किसी आपराधिक वारदात में इस्तेमाल हो सकता है। इसी कारण परिवार ने पुलिस से जल्द बाइक को ट्रेस करने की मांग की है।
CCTV कैमरों को लेकर परिवार ने उठाए सवाल
परिवार की ओर से दुकान के CCTV कैमरों की फुटेज चेक करने के लिए कहा गया। परिवार का कहना है कि पहले दुकान की ओर से माउस उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद परिवार ने अपने बेटे को भेजकर माउस की व्यवस्था भी करवाई, लेकिन बाद में कथित तौर पर बताया गया कि दुकान के CCTV कैमरे बंद हैं।
अब पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज के जरिए बाइक चोरी करने वाले व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी हुई बाइक की तलाश जारी है।

