जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब रोडवेज और पनबस कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की हड़ताल लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। राज्य के कई जिलों में सरकारी बसों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही बस स्टैंडों पर यात्रियों की भीड़ देखने को मिली, जबकि कई लोग घंटों तक बसों का इंतजार करते रहे।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/ed-raid-chandigarh-psidc-office-documents-seized/

हड़ताल के कारण निजी बस संचालकों को इसका सीधा लाभ मिला। कई निजी बसें अपनी क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर चलती दिखाई दीं। वहीं, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी और अन्य दैनिक यात्री सबसे अधिक प्रभावित हुए।
मोहाली और चंडीगढ़ सहित कई स्थानों पर पुलिस प्रशासन को सतर्क रखा गया। कर्मचारियों ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि सरकार के साथ कई दौर की बातचीत में उनकी मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं किया गया। इसी कारण उन्हें आंदोलन जारी रखने के लिए मजबूर होना पड़ा।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
हड़ताल का असर महिलाओं पर भी देखने को मिला। मुफ्त बस यात्रा योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बसें बंद रहने के कारण सरकार की सब्सिडी से मिलने वाला राजस्व भी प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, रोडवेज डिपो को भी लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
सरकारी बस सेवाएं कब तक सामान्य होंगी, इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित बस अड्डे या विभाग से जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी जा रही है।

