लुधियाना -(मनदीप कौर)- ललतों नहर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब नहर के पास करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव लावारिस हालत में मिला। राहगीरों की सूचना पर थाना सदर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर तेजधार हथियारों से किए गए गहरे घाव मिले हैं। पेट के अगले हिस्से और गर्दन के बाईं तरफ चोटों के निशान बताए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के इरादे से शव को ललतों नहर के सुनसान इलाके में फेंका गया।

यह भी पढ़े:-जालंधर: नकली अपहरण की साजिश का पर्दाफाश, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
महिला के पास से तत्काल पहचान से जुड़ा कोई पर्स, मोबाइल या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ। हालांकि, उसके शरीर पर बने एक अंग्रेजी में ‘Money’ टैटू को पुलिस महत्वपूर्ण सुराग मान रही है। इसी आधार पर महिला की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना सदर के एसएचओ के अनुसार, शव को पहचान सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने आसपास के इलाकों और नहर रोड पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही पिछले एक सप्ताह में दर्ज युवतियों और महिलाओं की गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला की पहचान होने के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

