जालंधर -(मनदीप कौर )- पंजाब में 2027 विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी ने फिल्लौर में नगर कौंसिल चुनाव के दौरान कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। नगर कौंसिल के बहुप्रतीक्षित प्रधान पद के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने बाजी मारते हुए कमान अपने हाथ में ले ली।
चुनाव में जसविंदर कौर को प्रधान और रजनी गाबा को उपप्रधान चुना गया। प्रधान पद के लिए कुल 16 वोट पड़े, जिनमें से 11 वोट आम आदमी पार्टी के पक्ष में गए, जबकि कांग्रेस को 4 वोट मिले। एक वोट कांग्रेस के पक्ष में विधायक विक्रमजीत सिंह चौधरी की ओर से डाला गया।

यह भी पढ़े:-Basti Sheikh में Flex Board की दुकान पर हमला, नकाबपोश युवकों ने की तोड़फोड़
AAP को अपने पार्षदों के साथ-साथ अन्य पार्षदों का भी समर्थन मिला। इस जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने नवनिर्वाचित प्रधान और उपप्रधान का स्वागत किया और शहर में धन्यवाद रोड शो भी निकाला।
AAP के स्थानीय इंचार्ज हरजोत कौर लोहटिया ने इस परिणाम को पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की जनहितैषी नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि नगर कौंसिल के माध्यम से फिल्लौर के विकास कार्यों को नई गति देने के लिए पार्टी पूरी मजबूती से काम करेगी।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों ने जिस भरोसे के साथ आम आदमी पार्टी का समर्थन किया है, उसे विकास कार्यों के जरिए कायम रखा जाएगा। नगर कौंसिल को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी तरीके से चलाना पार्टी की प्राथमिकता रहेगी।

