जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की की कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड तैयार करवाकर उसकी उम्र अधिक दर्शाने और शादी कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि लड़की 26 जुलाई को घर से चली गई थी। इसके बाद परिजनों को पता चला कि उसकी उम्र छिपाने के लिए कथित तौर पर जाली पहचान पत्र तैयार करवाया गया और उसी के आधार पर उसकी शादी करा दी गई।
यह भी पढ़े :- https://chardapunjabtv.com/jalandhar-ward-42-road-development-aap-mohinder-bhagat/

परिवार के मुताबिक, उन्हें इस पूरी प्रक्रिया की पहले से कोई जानकारी नहीं थी और न ही शादी के लिए लड़की की सहमति ली गई। परिजनों का कहना है कि लड़की की वास्तविक उम्र 15 वर्ष है, जबकि कथित तौर पर तैयार किए गए दस्तावेजों में उसकी उम्र अलग दर्शाई गई।
मामले में आरोपी पक्ष की ओर से कोर्ट मैरिज किए जाने का दावा किए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक स्थिति लड़की के बयान दर्ज होने और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पीड़ित परिवार के साथ सामाजिक प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए हैं तो उन्हें बनाने और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही नाबालिग की उम्र छिपाने और कथित तौर पर उसकी शादी कराने में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जानी चाहिए।
परिवार और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर नाबालिग की वास्तविक उम्र, दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया और शादी से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जाए। फिलहाल लड़की के बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

