जालंधर -(मनदीप कौर)- बूटा पिंड इलाके में देर रात करीब 3 बजे एक परिवार के घर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। परिवार ने कुछ युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते घर पर हमला करने और फायरिंग करने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बदमाश बाइक पर सवार होकर घर के बाहर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और घर पर तेजधार हथियारों से हमला किया। इस दौरान घर की खिड़की के शीशे टूट गए और दरवाजे को भी नुकसान पहुंचा।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/ferozepur-30-200-kg-heroin-seized-2-arrested/
परिवार की सदस्य रेखा के मुताबिक, हमलावरों से बचने के लिए वह अपने बच्चों को लेकर घर की छत पर चली गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि गली में गाली-गलौज करते हुए बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए।
हमले के बाद परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से दो खोल बरामद किए हैं।
थाना छह के एसएचओ राजवंत कौर ने बताया कि पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से दो खोल बरामद हुए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। घटना को लेकर परिवार में डर का माहौल है।

