फिरोजपुर:-(मनदीप कौर)- जीरा-कोट ईसे खां मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी स्कूल के शिक्षक और छात्र की मौत हो गई। हादसा गांव तलवंडी जल्ले खां के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव हरदासा के आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तैनात शिक्षक गुरविंदर सिंह अपने शिक्षक साथी के बेटे अभय प्रताप सिंह औलख को कार में लेकर कोट ईसे खां की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि अभय प्रताप सिंह स्कूल का छात्र था और अंडर-17 सॉफ्टबॉल का खिलाड़ी भी था।

आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर
जब दोनों गांव तलवंडी जल्ले खां के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार शिक्षक गुरविंदर सिंह और छात्र अभय प्रताप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को सिविल अस्पताल जीरा पहुंचाया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
इलाके में शोक की लहर
इस हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया है कि मृतक छात्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह पढ़ाई के साथ-साथ स्कूल की अंडर-17 सॉफ्टबॉल टीम का हिस्सा था।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और वाहनों की रफ्तार कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है।

