फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद में हिसार रोड स्थित धांगड़ पुल के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार युवकों ने समय रहते खतरा भांप लिया और वाहन को सड़क किनारे रोककर बाहर निकल गए। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
अचानक कार से उठा धुआं

जानकारी के अनुसार, कार धांगड़ पुल के पास पहुंची तो उसके बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने स्थिति को देखते हुए तुरंत कार रोकी और सभी सवार बाहर निकल आए।
यह भी पढ़े:-बिजनौर में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम से मारपीट, JE को चारपाई पर बैठाकर पीटा; Video Viral
उनके कार से बाहर निकलते ही आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते वाहन आग के गोले में बदल गया।
पूरी तरह जल गई कार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
समय रहते बची पांचों की जान
कार में सवार लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

