मेरठ:-(बयूरो रिपोर्ट) –करनाल हाईवे पर दबथुवा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसा सरधना थाना क्षेत्र में हुआ। चार लोगों को ट्रक ने कुचल दिया, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान रमेश (55), सुशील (47) और अमर के रूप में बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, रमेश मुरादनगर स्थित किसान इंटर कॉलेज में लिपिक के पद पर कार्यरत थे। सुशील गांव में परचून की दुकान चलाते थे, जबकि अमर मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वाहन के नंबर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

