जालंधर-(मनदीप कौर)- पंजाब के अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 7 आधुनिक पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। ये तस्कर अटारी बॉर्डर सेक्टर के जरिए भारत में अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, हथियारों को पहले से तय स्थानों पर गिराया जाता था, जहां से आरोपी उन्हें उठाकर पंजाब के विभिन्न इलाकों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाते थे।
इस मामले में थाना छेहरटा में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक तलाशने में जुटी है ताकि पूरे गिरोह को जड़ से खत्म किया जा सके।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध हथियारों, संगठित अपराध और देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति जारी रहेगी और सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।

