जम्मू- कश्मीर -(मनदीप कौर)- लगातार खराब मौसम और भारी बारिश के कारण कुछ दिनों के लिए स्थगित की गई अमरनाथ यात्रा अब एक बार फिर शुरू हो गई है। मौसम में सुधार और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद प्रशासन ने शनिवार तड़के श्रद्धालुओं के नए जत्थे को रवाना किया।
यह भी पढ़े :- https://chardapunjabtv.com/ravneet-singh-bittu-resigns-from-union-rail-minister-of-state-post/
भगवती नगर आधार शिविर से 6,269 श्रद्धालुओं का 18वां जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों के अनुसार इस जत्थे में 1,470 महिलाएं, 25 बच्चे और 54 साधु शामिल हैं। श्रद्धालुओं का काफिला 223 वाहनों में सुबह लगभग 2:40 बजे रवाना हुआ। फिलहाल पहलगाम मार्ग के लिए किसी नए जत्थे को रवाना नहीं किया गया है।

लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के चलते 19 जुलाई को एहतियातन यात्रा रोक दी गई थी। इसका असर अमरनाथ गुफा तक जाने वाले दोनों प्रमुख मार्गों—48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग—पर पड़ा था।
वहीं, उधमपुर-रामबन क्षेत्र में भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भी तीन दिनों तक बंद रहा। मौसम सामान्य होने और सड़क पर यातायात बहाल होने के बाद प्रशासन ने यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया।
गौरतलब है कि 2 जुलाई को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर आधार शिविर से यात्रा के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। 28 अगस्त (रक्षाबंधन) तक चलने वाली इस यात्रा में अब तक करीब चार लाख श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। इनमें से लगभग 1.20 लाख श्रद्धालुओं ने जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से अपनी यात्रा शुरू की है।

