जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तरसेम सिंह उर्फ सीमा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान विदेशी शराब, हुक्का-चिलम, मोबाइल फोन और सोने के गहनों के साथ ₹10,71,990 की नकदी बरामद की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर बरामद हुई बड़ी नकदी और विदेशी शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की रेड

पुलिस के मुताबिक, ADCP जोन-2 माधवी शर्मा के निर्देश पर एक्साइज इंस्पेक्टर मंजित सिंह और थाना बस्ती बावा खेल के SI बलविंदर सिंह की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
यह भी पढ़े:- तरनतारन में युवक की चाकुओं से हत्या, Love Marriage से नाराज थे साले
पुलिस टीम ने 30 अगस्त को काहनदास नगर, गली नंबर-1, मकान नंबर-03 में रहने वाले तरसेम सिंह उर्फ सीमा, पुत्र बुआ दास, को दबोच राउंडअप किया।
विदेशी शराब और हुक्का-चिलम बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में सामान मिला। बरामदगी में 8 बोतल ब्लैक लेबल, 10 बोतल बैलेनटाइन व्हिस्की और 4 बोतल जेमिसन व्हिस्की शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने 3 हुक्का चिलम और 3 हुक्का पाइप भी बरामद किए।
कई मोबाइल और सोने के गहने भी मिले
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 1 Apple मोबाइल, 1 Apple टैबलेट, 1 Samsung मोबाइल, 1 Samsung कीपैड फोन और 1 Vivo मोबाइल बरामद किया गया।
तलाशी के दौरान 2 सोने के ब्रेसलेट और 4 सोने की अंगूठियां भी पुलिस के कब्जे में ली गईं।
सबसे अहम बरामदगी में आरोपी के बैग से ₹10,71,990 भारतीय करेंसी मिली है।
पहले भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तरसेम सिंह उर्फ सीमा के खिलाफ पहले भी थाना बस्ती बावा खेल में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मारपीट, चोरी और एक्साइज एक्ट से जुड़े कम से कम छह अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं।
नकदी और विदेशी शराब के स्रोत की जांच जारी
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह विदेशी शराब कहां से लाता था और उसके पास इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कहां से आई। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान के आधार पर भी आगे की जांच कर रही है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
थाना बस्ती बावा खेल में आरोपी के खिलाफ Excise Act, COTPA Act की धारा 4-A और 21-A तथा BNS की धारा 318(4) के तहत FIR नंबर 252 दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

