बैंकॉक: थाईलैंड के एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। एक छात्र ने अचानक स्कूल परिसर में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में एक शिक्षक और एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी के बाद हमलावर छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर की उम्र 19 वर्ष से कम थी। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है और घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-government-school-khalistani-flag-sfj-video/
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना थाईलैंड के डेब्सिरिन नॉन्थाबुरी स्कूल में हुई। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

बताया जाता है कि जिस इलाके में यह घटना हुई, वहां बड़ी संख्या में लोगों के पास लाइसेंसी हथियार हैं। थाईलैंड में हथियारों से जुड़ी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। फरवरी में भी दक्षिणी थाईलैंड के एक स्कूल में गोलीबारी हुई थी, जबकि वर्ष 2022 में एक पूर्व पुलिसकर्मी ने नर्सरी में हमला कर 36 लोगों की जान ले ली थी, जिसमें 24 बच्चे भी शामिल थे।
इस ताजा घटना के बाद एक बार फिर थाईलैंड में स्कूलों की सुरक्षा और हथियार कानूनों को लेकर बहस तेज हो गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

