तरन-तारण -(मनदीप कौर)- पंजाब के तरनतारन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान गुरविंदर सिंह (58) और कुलविंदर सिंह (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम झबाल निवासी सनम अपनी कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर चला रहे कीरत सिंह से रास्ता देने को लेकर उसकी बहस हो गई।

विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर सनम के पिता गुरविंदर सिंह और चाचा कुलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान कीरत सिंह ने पिस्तौल निकालकर दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल दोनों को तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी प्रवेश चोपड़ा ने बताया कि झबाल थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

