जम्मू – कश्मीर -(मनदीप कौर)-जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार को अमरनाथ यात्रा बस हादसा हो गया। कंगन क्षेत्र के हरीगवन इलाके में श्रद्धालुओं से भरी एक बस सड़क से फिसलकर एक मकान से जा टकराई। हादसे में कई श्रद्धालु घायल हो गए, हालांकि अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बस चालक एक तीखे मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क से नीचे फिसल गई और सीधे एक घर से जा टकराई। टक्कर से मकान को काफी नुकसान पहुंचा।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/jalandhar-avaidh-sharab-37-petiyan-baramad/
राहत की बात यह रही कि बस पलटने के बावजूद पास बह रही सिंध नदी में गिरने से बाल-बाल बच गई। हादसे के समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अधिकांश श्रद्धालुओं की हालत स्थिर है और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद अमरनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और सतर्कता को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।

