खन्ना -(मनदीप कौर)- पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के अमलोह के गांव खनियान से बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां दो दिनों के भीतर एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच में जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह चार वर्षीय मनराज सिंह को उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद अमलोह के सिविल अस्पताल लाया गया। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत रेफर कर दिया, लेकिन खन्ना के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि इससे तीन दिन पहले, 20 जुलाई को परिवार की 13 दिन की नवजात बच्ची की भी मौत हो चुकी थी। वहीं बच्चों की मां लखविंदर कौर को भी उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का दौरा कर जांच की, लेकिन फिलहाल किसी अन्य ग्रामीण में ऐसे लक्षण नहीं मिले हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने घर में रखे गेहूं को कीड़ों से बचाने के लिए उसमें सल्फास की गोलियां रखी थीं। आशंका जताई जा रही है कि घर में जहरीली गैस फैलने की संभावना हो सकती है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण सामने आएगा।

