चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)- पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और इस्तीफे की मांग पर कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि यदि उनके इस्तीफे से पंजाब की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में सुधार आता है तो वह आज ही अपना पद छोड़ने के लिए तैयार हैं।
हाल ही में दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने फार्मेसी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर पंजाब सरकार और शिक्षा मंत्री पर निशाना साधते हुए इस्तीफे की मांग की थी।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि उन्हें किसी पद का लालच नहीं है। वह वर्ष 2011 में अकेले राजनीति में आए थे और आज भी हर चुनौती का अकेले सामना करने के लिए तैयार हैं।
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि फार्मेसी परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं को उनकी सरकार ने छिपाया नहीं, बल्कि खुद जांच कर उनका खुलासा किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है।
विपक्ष पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाते हुए बैंस ने कहा कि पंजाब सरकार पेपर लीक, नकल और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि यदि उनके पद छोड़ने से शिक्षा व्यवस्था बेहतर होती है तो वह बिना किसी हिचकिचाहट के इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।

