जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर पुलिस ने फिरौती मांगने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लोहियां खास थाना पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और नौ कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में गिरोह से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jammu-kashmir-cloudburst-flash-floods-roads-blocked-vehicles-stranded/
आरोपियों के पास से हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील उर्फ जीजणा, सलीम मसीह उर्फ बंटी और सुखमन उर्फ सुख्खा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो .32 बोर पिस्टल, मैगजीन सहित सात कारतूस, एक .315 बोर देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी
डीएसपी सरवन सिंह बल ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को दो दिन का रिमांड मिला है। इस दौरान आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों, फिरौती के मामलों और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस को बड़े खुलासों की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है। रिमांड के दौरान मिलने वाली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के पास मिले हथियार कहां से लाए गए और इनका इस्तेमाल किन घटनाओं में किया गया।

