होशियारपुर -( मनदीप कौर)- होशियारपुर के मियाणी रोड पर शुक्रवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। पुल पुख्ता से मियाणी रोड की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अलग-अलग जगहों पर लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक पहला हादसा उस समय हुआ जब अश्वनी कुमार अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ स्कूटी पर जा रहे थे। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान उनकी बेटी भी सड़क पर दूर जा गिरी।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/jalandhar-cyber-thagi-case/
इसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने लगा और रास्ते में गुरुद्वारे से घर लौट रही हरभजन कौर को भी टक्कर मार दी। ट्रक के नीचे आने से उनकी भी मौके पर मौत हो गई।
बेकाबू ट्रक ने आगे जाकर एक मारुति अर्टिगा कार को भी टक्कर मार दी। कार चालक सरवण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य सवारों को हल्की चोटें आईं। वहीं मोटरसाइकिल सवार अवतार सिंह काला भी ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक गुरमुख को गिरफ्तार कर ट्रक कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

