संगरूर -( मनदीप कौर)- पंजाब के संगरूर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में 15 साल के एक नौजवान की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना धूरी क्षेत्र की किशना बस्ती में हुई। बताया जा रहा है कि गली में किसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह झगड़ा बढ़ गया और हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में 15 वर्षीय अर्जदीप की मौके पर ही मौत हो गई। घायल युवक को तुरंत स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। डीएसपी संजीव सिंघला अपनी टीम के साथ मामले की जांच में जुटे हुए हैं। इलाके में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-gym-molestation-honey-randhawa-arrest/
मृतक के परिजनों का कहना है कि उनके बच्चे की बेरहमी से हत्या की गई है और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। परिवार ने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।

