जालंधर – (मनदीप कौर )- शहर के कई निजी और सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सुबह 7 से 9 बजे के बीच करीब 10-12 स्कूलों के आधिकारिक ईमेल आईडी पर यह धमकी संदेश भेजा गया।
ईमेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और एहतियातन स्कूल परिसरों को खाली करवाकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
इस दौरान घटना स्थल पर एंटी-सबोटाज टीम, स्थानीय एसएचओ, एसीपी मॉडल टाउन, एसीपी कैंट, एसीपी सेंट्रल और एडीसीपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में हर स्कूल में कई टीमों द्वारा गहन एंटी-सबोटाज चेकिंग की जा रही है।
साथ ही, धमकी भरी ईमेल भेजने वाली आईडी की साइबर जांच भी जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ईमेल कहां से और किसके द्वारा भेजी गई।
फिलहाल किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के सहयोग से स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
जालंधर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुबह 7 से 9 बजे के बीच 10-12 स्कूलों को मिले ईमेल
Leave a comment
Leave a comment

