जालंधर -( मनदीप कौर )- जालंधर में पीपीआर मार्केट स्थित एक रियल एस्टेट दफ्तर में जीएसटी विभाग की टीम को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। कारोबारी मेजर सिंह सहित 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी को जीएसटी विभाग की टीम पीपीआर मार्केट में स्थित दफ्तर में सर्च अभियान के लिए पहुंची थी। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान टीम के काम में बाधा डाली गई और उन्हें करीब 2 से 3 घंटे तक दफ्तर के अंदर ही रोके रखा गया।
मामले की शिकायत विभाग के एडिशनल कमिश्नर प्रशांत कुमार द्वारा की गई, जिसके आधार पर कमिश्नरेट पुलिस ने मेजर सिंह, इंद्रजीत सिंह, प्रभजोत सिंह, तरुण शर्मा और पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायत में कहा गया है कि सर्च के दौरान सरकारी काम में हस्तक्षेप किया गया, अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया और टीम को जबरन बंधक बनाया गया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से अधिकारियों को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि टीम ने मौके से एक डीवीआर भी कब्जे में लिया है, जिसकी फॉरेंसिक जांच करवाई जाएगी। जांच पूरी होने के बाद उसकी कॉपी पुलिस को सौंपी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

