हिमाचल प्रदेश के शिमला में घंडल के पास नेशनल हाईवे-205 पर HRTC की इलेक्ट्रिक बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 57 वर्षीय दयानंद, उनकी 52 वर्षीय पत्नी हेमलता और 75 वर्षीय माता विद्यादेवी के रूप में हुई है। तीनों सोलन जिले के अर्की क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे में दयानंद का बेटा मनीष गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका IGMC शिमला में इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़े:- जागरण के दौरान दो पक्षों में विवाद, फायरिंग से 3 घायल; 6 लोगों पर केस
बताया गया कि परिवार स्वास्थ्य जांच के बाद कार से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान घंडल के पास सामने से आ रही HRTC इलेक्ट्रिक बस से कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को IGMC शिमला पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मनीष का उपचार जारी है। HRTC बस में सवार किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मौके का निरीक्षण करने के साथ पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

