अमृतसर -(मनदीप कौर)- जिले के गांव सैदोलाहल में महिला सरपंच से स्नैचिंग का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो युवकों ने महिला सरपंच को घर से बाहर बुलाया और बातचीत के दौरान अचानक उसकी सोने की चूड़ियां छीनकर फरार हो गए।
बताया गया कि आप पार्टी की महिला सरपंच अमरजीत कौर उस समय घर के अंदर थीं, जबकि उनकी पत्नी बाहर एक्टिवा साफ कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक घर के बाहर पहुंचे और सरपंच को बाहर बुलाया।

यह भी पढ़े:-जागरण के दौरान दो पक्षों में विवाद, फायरिंग से 3 घायल; 6 लोगों पर केस
महिला के बाहर आने पर एक युवक बाइक स्टार्ट करके खड़ा रहा, जबकि दूसरे युवक ने बातचीत के बहाने मौका बनाया। आरोप है कि इसी दौरान उसने झपटा मारकर महिला के दोनों हाथों से सोने की चूड़ियां खींच लीं।
महिला सरपंच ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन धक्का-मुक्की के दौरान वह सड़क पर गिर गईं। इसके बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़िता के बयान के आधार पर FIR नंबर 113 दर्ज की गई है। शुरुआती जांच में CCTV फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई हैं।
पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

