मोहाली -(मनदीप कौर)- जीरकपुर में अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सेठी ढाबे के पास बने फ्लाईओवर से बाइक सवार युवक करीब 18 फीट नीचे सड़क पर जा गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 9 बजे से 9:15 बजे के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक अचानक फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर गिर गया।

यह भी पढ़े:-
युवक के नीचे गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी मदद की। उसे एंबुलेंस की मदद से चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फ्लाईओवर के ऊपर युवक की बाइक भी मिली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ या वह किसी अन्य परिस्थिति में फ्लाईओवर से नीचे गिरा। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है और हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

