औरैया -(ब्यूरो रिपोर्ट)- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बेला थाना क्षेत्र के कानपुर मार्ग स्थित बम्नौटी मोड़ के पास करीब 50 बच्चों को लेकर जा रही स्कूल बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में ग्रामीणों ने मदद की और पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़े:-कपूरथला में 27 नवंबर को बजेगा सायरन, होगा Blackout Mock Drill
सूचना मिलते ही सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्रा और थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
करीब आधा दर्जन बच्चे घायल
हादसे में करीब छह बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी के अनुसार कोई बच्चा गंभीर रूप से घायल नहीं है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

