नागपुर -(मनदीप कौर)- महाराष्ट्र के नागपुर में SBI बैंक में लूट की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सक्करदरा इलाके में एक आरोपी ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर अफरा-तफरी मचा दी और मौके का फायदा उठाकर लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद बैंक में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी आम ग्राहक बनकर बैंक पहुंचा था। मौका मिलते ही उसने कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर फेंका, जिससे कुछ समय के लिए बैंक में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसके बाद आरोपी कैश काउंटर से करीब ₹4.53 लाख लेकर फरार हो गया। घटना CCTV कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई।

यह भी पढ़े:-12 किलो 221 ग्राम हेरोइन के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, CIA Staff की बड़ी कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस ने बैंक की CCTV फुटेज खंगालनी शुरू कर दी और आरोपी की तलाश में नाकाबंदी कराई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को करीब 30 मिनट के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया और लूटी गई रकम भी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज भोजराज बोरकर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में उसके आर्थिक परेशानियों से जूझने और जल्दी पैसा कमाने की कोशिश में वारदात की योजना बनाने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे की पूरी योजना और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की जांच कर रही है।

