गुरदासपुर:-(Mandeep kaur)- जिले के घुमाण कस्बे के पास सखेवाला गांव में एक 57 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सतनाम सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह के रूप में हुई है। उनका शव घर के अंदर एक कमरे से बरामद किया गया।
गांव के सरपंच के मुताबिक सतनाम सिंह घर में अकेले रहते थे। बताया गया कि उनका शव कमरे में बोरी से ढका हुआ मिला। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी और उस पर कीड़े भी पड़ चुके थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि मौत कई दिन पहले हुई होगी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब परिवार के सदस्य करीब तीन-चार दिनों से सतनाम सिंह से संपर्क नहीं कर पाए। इसके बाद वे उनके घर पहुंचे। घर के अंदर कमरे में शव देखकर परिजन और आसपास के लोग हैरान रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही घुमाण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि सतनाम सिंह की हत्या किसने और किस वजह से की। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

