अमृतसर:-(मनदीप कौर)- धन-धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पहले प्रकाश पर्व को लेकर सचखंड श्री दरबार साहिब में तैयारियां तेज हो गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी श्री दरबार साहिब को देश-विदेश से मंगवाए गए फूलों से बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया जा रहा है।
सजावट के लिए हॉलैंड और अफ्रीका समेत देश के अलग-अलग शहरों से फूल मंगवाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक इस बार करीब 5 टन फूल श्री दरबार साहिब में अर्पित किए जाएंगे। फूलों से अलग-अलग कलाकृतियां और विशेष सजावटी रूप तैयार किए जा रहे हैं।

सजावट के काम में करीब 150 कारीगर जुटे हुए हैं। कारीगर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 से 2:30 बजे तक लगातार काम कर रहे हैं। बताया गया है कि फूलों की सजावट का काम 11 तारीख की रात तक पूरा होने की उम्मीद है।
सजावट में लगे कारीगरों के अनुसार गर्मी के मौसम के कारण फूलों की उम्र सामान्य तौर पर दो से तीन दिन ही रहती है। इसी वजह से सजावट के काम को समय के अनुसार पूरा किया जा रहा है।
हर साल की तरह इस बार भी दर्शनी ड्योढ़ी से लेकर श्री दरबार साहिब की परिक्रमा तक अलग-अलग स्थानों पर फूलों की आकर्षक सजावट की जा रही है। जैसे-जैसे काम आगे बढ़ रहा है, श्री दरबार साहिब की सुंदरता और भी निखरती जा रही है।

