फगवाड़ा – ( मनदीप कौर)- मोहल्ला धर्मकोट क्षेत्र में देर रात कथित तौर पर शराब के नशे में कार चलाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते कुछ युवक कार की चपेट में आ गए। गनीमत रही कि घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और युवक बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि कार नंबर PB 09 SF 2294 में सवार चालक होशियारपुर रोड स्थित दाना मंडी के गेट नंबर-2 तक पहुंच गया। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर गेट से जा टकराई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

लोगों ने मौके पर पहुंचकर चालक को कार से बाहर निकाला
घटना के बाद मोहल्ला धर्मकोट और आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने कार चालक को वाहन से बाहर निकाला और मामले की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक चालक से जब शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर सवाल किया गया तो उसने शराब का सेवन करने की बात स्वीकार की। चालक ने खुद को पेशे से एग्रीकल्चर डॉक्टर बताया और कथित तौर पर रोजाना शराब का सेवन करने की बात भी कही।
स्थानीय लोगों ने दी चेतावनी
घटना के बाद पार्षद बिराराम बलजोत को भी मामले की जानकारी दी गई। उनके अनुसार सूचना मिली थी कि शराब के नशे में एक कार चालक ने कुछ युवकों को टक्कर मार दी है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार इसी तरह अनियंत्रित होकर आगे बढ़ती रहती तो बड़ा हादसा हो सकता था और कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। बाद में मोहल्ला निवासियों ने कार सवार युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया।

