लुधियाना -(मनदीप कौर)- शहर के छावनी मोहल्ला इलाके में रात करीब 1 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक Grand i10 Nios कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के दौरान गोली चलने का भी दावा किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
तेजधार हथियारों से कार में तोड़फोड़

मिली जानकारी के अनुसार, छावनी मोहल्ला इलाके में एक Grand i10 Nios कार को निशाना बनाया गया। कार की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस पर जोरदार हमला किया गया। कार के आगे और पीछे के शीशे पूरी तरह टूटे हुए मिले।
यह भी पढ़े:-कनाडा में जबरन वसूली गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, 16 गिरफ्तार; 56 गंभीर आरोप दर्ज
घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आने की बात कही गई है, जिसमें एक युवक हाथ में कथित तौर पर बंदूक लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि एक अन्य युवक वहां से भागता नजर आता है।
गोली चलने की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पुलिस को कंट्रोल रूम 112 के जरिए मिली। थाना डिवीजन नंबर-1 के एसएचओ अश्वनी ने बताया कि पुलिस को छावनी मोहल्ले में गोली चलने की सूचना मिली थी।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो गोली का कोई खोल बरामद नहीं हुआ। हालांकि, पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज और लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के पीछे कौन लोग थे और विवाद की असली वजह क्या थी।
फिलहाल पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। गोली चलने की बात की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

