जालंधर -(Mandeep kaur )- लोहियां खास के गांव जमशेर में दो गुटों के बीच हुई लड़ाई ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय शिंगारा सिंह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान शिंगारा सिंह का 18 वर्षीय बेटा जश्नप्रीत सिंह भी कथित तौर पर हमले की चपेट में आ गया।

बेटे को बचाने पहुंचे थे शिंगारा सिंह
परिवारिक सदस्यों और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, जश्नप्रीत सिंह पर अचानक हमला होने की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता शिंगारा सिंह घर से बाहर उसे बचाने के लिए पहुंचे।
आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने शिंगारा सिंह पर भी हमला कर दिया। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
लोहियां थाना के SHO राजिंदर खैरा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से हमलावरों की तलाश की जा रही है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और वारदात में कितने लोग शामिल थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।

