लुधियाना:-(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जगराओं के गांव शेरपुर कलां में स्कूल की छुट्टी के बाद साइकिल पर घर लौट रही दो छात्राओं को कथित तौर पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 13 वर्षीय अमृत कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली दीप कौर गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही थीं दोनों छात्राएं

जानकारी के मुताबिक, अमृत कौर और दीप कौर स्कूल की छुट्टी होने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दोनों सड़क पर गिर गईं।
यह भी पढ़े:-भारत-बेल्जियम में बड़ी डील! व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य, रक्षा सहयोग भी होगा मजबूत
हादसे में अमृत कौर को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दीप कौर गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल छात्रा लुधियाना रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। दोनों छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमृत कौर को मृत घोषित कर दिया।
दीप कौर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लुधियाना के सिविल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
थाना सदर जगराओं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी के अनुसार हादसे की परिस्थितियों और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक छात्रा के परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।

