मोहाली -(मनदीप कौर)- जिले में स्कूलों और सरकारी इमारतों को धमकी भरे ई-मेल मिलने का सिलसिला सामने आने के बीच फेज-3B2 स्थित एक निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल परिसर में पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी शुरू की। एहतियात के तौर पर स्कूल में मौजूद छात्रों को घर भेज दिया गया।

पुलिस ने स्कूल परिसर की ली तलाशी
पुलिस ने स्कूल की अलग-अलग जगहों की जांच की और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की। धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और उसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए भी जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़े:-जालंधर में दूध में मिलावट का मामला गरमाया, जमशेर में कथित स्टिंग वीडियो से उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, मोहाली जिले में इससे पहले भी कई स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के चलते स्कूल प्रबंधन, छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ई-मेल की सत्यता, उसके स्रोत और धमकी भेजने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी वास्तविक खतरे से जुड़ी थी या किसी ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से ई-मेल भेजा था।

