Jalandhar -(मनदीप कौर)- पंजाब सरकार के ‘Clean Punjab Mission’ के तहत जालंधर में 10 दिवसीय विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई। अभियान की शुरुआत नकोदर चौक से हुई, जहां कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत सहित प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निगम की टीम ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
अभियान के दौरान सड़कों और आसपास के इलाकों की सफाई की गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम की टीमों को सौंपें।

रात में कचरा फेंकने वालों पर नजर
शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से रात के समय कचरा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए स्पेशल मार्शल तैनात किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे चलते-फिरते सड़क पर कचरा न फेंकें और सफाई व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें।
10 दिन में बदलेगी शहर की तस्वीर
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम, मेयर, डिप्टी कमिश्नर और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मिलकर अलग-अलग इलाकों में सफाई अभियान चलाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य अगले 10 दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाना है।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ शहर तभी संभव है जब नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी समझें। लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों के आसपास सफाई रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गई है।
सफाई को लेकर लोगों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। शहर को लंबे समय तक साफ रखने के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है। अगर नागरिक और नगर निगम की टीमें मिलकर काम करेंगी, तो जालंधर को स्वच्छता के मामले में पंजाब के लिए मिसाल बनाया जा सकता है।

